हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित तुलसी राम का निधन हो गया है। वे 78 साल के थे और काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने कांगड़ा के बालाजी अस्पताल में सोमवार रात अंतिम सांस ली। वे पिछले कई साल से पालमपुर में रहे थे। अस्वस्थ होने के चलते उन्हें हाल ही में अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
तुलसी राम के परिवार में उनकी पत्नी शीला देवी, बेटे संजीव और हरि शरण व बेटियां सुषमा, राखी हैं। तुलसी राम भाजपा के वरिष्ठ नेता थे। इस बार उन्होंने चुनाव नहीं लड़ा था। इसलिए पार्टी ने जिया लाल को पार्टी का टिकट दिया, जिन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी ठाकुर सिंह भरमौरी को हरा कर जीत हासिल की थी।
पंडित तुलसीराम जिला चंबा के गांव भरमौर के निवासी थे। 1990 में उन्होंने भरमौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा व जीत हासिल की। 1998 तथा 2007 में भी उन्होंने भरमौर विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया था। 2008 में उन्हें हिमाचल प्रदेश विधानसभा का अध्यक्ष चुना गया था।