समालखा में तीन महिलाओं के ब्लाइंड मर्डर मामले का गुरुवार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। ये दो बहनों और उनकी मां की लाश थीं। मारने वाला एक ही युवक था। पुलिस ने उसे मनाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी को दूसरे युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा था। साली भी किसी युवक से बात कर रही थी। यह देख वह आपा खो बैठा था। पत्नी व साली को नींद की गोली खिला कुल्हाड़ी से काट दिया।
फिर सास को धोखे से घर से बुलाकर ले आया और रास्ते में दुपट्टे से गला घोंटकर मार डाला। आरोपी ने साली व सास की हत्या के बाद उनके शवों से दुष्कर्म भी किया। साली व सास पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस को तीनों के शव तीन दिन के अंदर 11 किमी. दायरे में मिले थे। डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि समालखा स्थित काली रमण कॉलोनी में रहने वाले नूर हुसैन को अरेस्ट कर लिया है।
उसने पूछताछ में कबूला कि वह पत्नी मधु और दो बेटों संग रहता था। पत्नी गांव गामड़ी, गोहाना (सोनीपत) की रहने वाली थी। पत्नी की तबियत ठीक नहीं थी। इसलिए वह 28 अगस्त को साली मनीषा को घर ले आया। 4 सितंबर की दोपहर 2 बजे अचानक वह फैक्ट्री से घर आ गया। देखा तो बाहर साली बच्चों के साथ थी। वह किसी युवक से बात कर रही थी। अंदर देखा तो पत्नी दूसरे युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में थी। जिसके बाद उसने ये खौफनाक कदम उठाया।